लखनऊ गोमतीनगर में इंजीनियर के परिवार में तीन लोग कोरोना पॉजिटिव, इंजीनियर पर लॉक डाउन उल्लंघन करने का केस दर्ज


-अंतिम संस्कार में 150 लोगों की भीड़ जुटाकर लॉकडाउन का किया गया उल्लंघन..



-इंजीनियर के परिवार के तीन लोगों के पॉजिटिव पाए जाने के बाद उनके घर से सटे पांच मकानों से 20 लोगों के नमूने लेकर जांच को भेजे गए..


-इसके अलावा 500 परिवारों की स्क्रीनिंग की गई, जानकारी जुटाई गई कि क्या वे इंजीनियर परिवार के संपर्क में थे या नहीं..


लखनऊ, 16 मई 2020, कोरोना से अलीगढ़ में सराफ की मौत के बाद शुक्रवार को उनके दोनों बेटों, तीन भाइयों को नामजद कर 150 अज्ञात पर लॉकडाउन उल्लंघन, महामारी अधिनियम में केस दर्ज किया गया। इनमें सराफ का भाई राजकुमार (लखनऊ के गोमतीनगर निवासी अभियंता) भी शामिल है। आरोप है कि 28 अप्रैल को मां के निधन पर इन लोगों ने अंतिम संस्कार में भीड़ जुटाकर लॉकडाउन का उल्लंघन किया। इसके बाद से फैले संक्रमण से ही सराफ की मौत हो गई। अलीगढ़ के एसपी क्राइम डॉ. अरविंद के अनुसार सासनी गेट की एडीए चौकी प्रभारी रुणित तोमर की ओर से  केस कराया गया है। इसमें कहा गया कि 28 अप्रैल को सराफ की मां के निधन के बाद अंतिम संस्कार से पहले उनके दरवाजे पर जमा करीब 150 लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे थे। वहीं लॉकडाउन का उल्लंघन कर प्रशासनिक निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा था। इससे संक्रमण फैला होगा, इसकी आशंका ज्यादा है। इनमें से शेखर सराफ की मृत्यु हो चुकी है। 


10 मई को लौटा था इंजीनियर व उनका परिवार..


राजधानी में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, गोमतीनगर में पॉजिटिव मिले इंजीनियर परिवार के सदस्य 8 मई को अलीगढ़ में तेरहवीं में शामिल होने गए थे। परिवार 10 मई को वापस आया था। अलीगढ़ सीएमओ ने लखनऊ सीएमओ को पत्र भेजकर इनकी जानकारी दी थी। इसके बाद सीएमओ की टीम ने उनका नमूना लेकर जांच को भेजा था। 


-लखनऊ से 28 लोग अंतिम संस्कार में हुए थे शामिल..


अलीगढ़ में सर्राफा कारोबारी की मां की अंतिम संस्कार में कुल 28 लोगों के शामिल होने की सूचना सामने आई है। सभी लोगों की कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग अलीगढ़ प्रशासन की मदद से लखनऊ प्रशासन कर रहा है।


-इंजीनियर के परिवार के तीन लोग पॉजिटिव..


वहीं सराफ के परिवार के छह सदस्य शुक्रवार को कोरोना पॉजिटिव मिले। उधर इंजीनियर के परिवार के तीन लोगों के पॉजिटिव पाए जाने के बाद विराम खंड स्थित उनके घर से सटे पांच मकानों से 20 लोगों के नमूने लेकर जांच को भेजे गए। इसके अलावा 500 परिवारों की स्क्रीनिंग की गई। जानकारी जुटाई गई कि क्या वे इंजीनियर परिवार के संपर्क में थे या नहीं। ज्यादातर लोगों ने इससे इंकार किया है।


रिपोर्ट @ आफाक अहमद मंसूरी