आठ दिन से लापता महिला का नहर में मिला शव, पुलिस को लाश उठाने से रोका, हंगामा


 


आठ दिन से लापता महिला का नहर में मिला शव, पुलिस को लाश उठाने से रोका, हंगामा।


आठ दिन से लापता महिला का नहर में मिला शव परिवारीजन और क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस को लाश उठाने से रोका, हंगामा
जमीन के विवाद हत्या करने का आरोप
रायबरेली। आठ दिन पहले लापता एक महिला का शव मंगलवार को शारदा नहर में मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी होने पर पहुंचे परिवारीजन और क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस को शव उठाने से इंकार कर दिया। विरोध में जमकर हंगामा किया। वन विभाग में तैनात एक कर्मचारी समेत अन्य लोगों पर जमीन के विवाद में महिला की हत्या करके शव को नहर में फेंके जाने का आरोप लगाया। सूचना पर सीओ सदर गोपीनाथ सोनी ने पहुंचकर हंगामा कर रहे लोगों से बातचीत की। सीओ के पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर कार्रवाई करके न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
इस पर एक घंटे बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
भदोखर थाना क्षेत्र के खैरी गांव निवासी रामप्यारी (50) 29 जनवरी को संदिग्ध हालत में लापता हो गई थी। परिवारीजनों का आरोप था कि रामप्यारी जमीन का विवाद होने के बाद भदोखर थाने रिपोर्ट लिखाने निकली थी, तभी लापता हो गई थी। पुलिस महिला की नहर में खोजबीन कराई थी, लेकिन उसका कोई अता पता नहीं चल पाया था। मंगलवार सुबह कुचरिया गांव के पास शारदा नहर में एक महिला की लाश लोगों ने देखी तो घटना की सूूचना पुलिस को दी। थानेदार राम आशीष उपाध्याय मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला। 
पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ले जा रही थी, लेकिन घटना से आक्रोशित लोगों ने शव को उठाने से रोक दिया। वहां पर मौजूद लोग हंगामा करने लगे। जानकारी मिलने पर सीओ सदर पहुंचे और ग्रामीणों से बात की। कार्रवाई का भरोसा देकर सीओ ने लोगों को शांत कराया। मृतका के बेटे विनय यादव का आरोप है कि वन विभाग में तैनात एक कर्मचारी समेत अन्य लोगों ने जमीन के विवाद में उसकी मां की हत्या करके शव को नहर में फेंका है। पुलिस घटना की पड़ताल कर रही है।
शारदा नहर में महिला का शव मिलने से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। मौैके पर पहुंचा बेटा विनय यादव मां का शव देखते ही रो पड़ा। उसका कहना था कि जमीन का विवाद काफी समय से चल रहा था। सम्पूर्ण समाधान दिवस से लेकर अफसरों तक से प्रकरण की शिकायत की थी, लेकिन मामले में ध्यान नहीं दिया गया। वहीं बेटे राहुल यादव, जितेंद्र यादव भी मां की मौत से गमजदा हैं।
लापता महिला का शव शारदा नहर में मिला है। शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। परिवारीजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई होगी। पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है।


रिपोर्ट@त्रिलोकी नाथ