आर्थर रोड जेल में कोरोना का 'विस्फोट', 77 कैदियों समेत 103 लोगों की रिपोर्ट आई पॉजिटिव


-महाराष्ट्र की जेल में भी कोरोना ने दी दस्तक, 77 कैदी और 26 कर्मचारी संक्रमित..



-संक्रमित कैदियों को पुलिस की निगरानी में हॉस्पिटल में भर्ती कराया जाएगा..


लखनऊमहाराष्ट्र, 08 मई 2020, भारत में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा लोग संक्रमित हैं। अब तो ये महामारी आर्थर रोड जेल तक पहुंच चुकी है।
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामले 17,974 के आंकड़े को छू चुके हैं। बढ़ते मामलों ने उद्धव ठाकरे सरकार पर भी सवाल खड़ा कर दिया है। गुरुवार को महाराष्ट्र में 1216 नए मामले सामने आए। पूरे राज्य में 694 लोगों की मौत हो चुकी है। इन सबके बीच हैरान करने वाली बात तो ये है कि महाराष्ट्र की जेल में भी कोरोना ने दस्तक दे दी है, जो कि चिंता का सबब बन रहा है। 
महाराष्ट्र की आर्थर रोड जेल में 77 कैदियों के अलावा 26 कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, संक्रमित लोगों को जीटी हॉस्पिटल और सेंट जॉर्ज हॉस्पिटल में भर्ती कराया जाएगा।


पुलिस की निगरानी में भर्ती कराए जाएंगे कैदी..


इस बारे में राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने जानकारी दी है। उनके मुताबिक मुंबई के आर्थर रोड जेल में सामने आए कोरोना के कुल मामलों में 77 कैदी और 26 कर्मचारी शामिल हैं। संक्रमित कैदियों को शुक्रवार अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। इन्हें पुलिस की निगरानी में जीटी हॉस्पिटल और सेंट जॉर्ज हॉस्पिटल में भर्ती कराया जाएगा। कोरोना पॉजिटिव स्टाफ का भी इलाज अस्पताल में किया जाएगा।


-सबसे घनी बस्ती धारावी में बढ़ रहे मामले..


वहीं, महाराष्ट्र के लिए सबसे चिंताजनक इलाके धारावी में भी कोरोना संक्रमण की रफ्तार थम नहीं रही। बीएमसी के मुताबिक, गुरुवार को यहां से 50 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद इस घनी बस्ती में कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या 783 हो गई है। जबकि, अबतक 21 लोगों की मौत हो चुकी है।


-सिर्फ थर्मल स्क्रीनिंग कराकर घर लौटेंगे प्रवासी मजदूर..


महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे कहते हैं, 'हमने ये तय किया है कि जो प्रवासी मजदूर वापस अपने घर जाना चाहते हैं, उन्हें मेडिकल सर्टिफिकेट देने की जरूरत नहीं है। उनकी सिर्फ थर्मल चेकिंग की जाएगी। डॉक्टरों के क्लीनिक में लंबी-लंबी कतारों को देखते हुए ये निर्णय लिया गया है।


रिपोर्ट @ आफाक अहमद मंसूरी